सरायपाली(जीतयादव)।शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बानीगिरोला के नवपदस्थ प्राचार्य श्री भोग सिंह भोई ने ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहर शिशुपाल में एक भव्य और आत्मीय स्नेह भोज कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम शिक्षा जगत में सौहार्द, सम्मान और एकजुटता का प्रतीक बना।

शिशुपाल पर्वत में प्राचार्य भोई के नेतृत्व में आयोजित भव्य स्नेह भोज में शिक्षा अधिकारी और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री टी. सी. पटेल, विशिष्ट अतिथि पूर्व सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री लोकनाथ भोई, सेवानिवृत्त प्राचार्य श्री शौकीलाल भोई, प्राचार्य श्री जितेंद्र बुडेक, श्री गांड़ा राय साहू, श्री रतन बंजारे (पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि), जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्री लक्ष्मी प्रसाद पटेल, और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन कर किया गया। श्री भोग सिंह भोई का पुष्प गुच्छ और साल श्रीफल से सम्मान किया गया। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों ने नवपदस्थ प्राचार्य को शुभकामनाएँ दीं।
पूर्व सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री लोकनाथ भोई ने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कार, अनुशासन और समाज निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने श्री भोग सिंह भोई की नेतृत्व क्षमता और समर्पण की प्रशंसा की।

प्राचार्य श्री जितेंद्र बुडेक ने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल कक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के भविष्य को दिशा देना भी उसका मुख्य कर्तव्य है। वहीं श्री रतन बंजारे ने कहा कि इस प्रकार के स्नेह भोज कार्यक्रम सहयोग और आपसी सम्मान को बढ़ाते हैं, जो शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाते हैं।
मुख्य अतिथि विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री टी. सी. पटेल ने नवपदस्थ प्राचार्य की उपलब्धियों और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।

अंत में श्री भोग सिंह भोई ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से ही वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर पाएँगे।
इस अवसर पर बैदपाली संकुल के समस्त शिक्षकगण और क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री जयंत बारीक ने किया और आभार प्रदर्शन संकुल समन्वयक श्री पालसिंह बंजारे ने किया।



