रायपुर।शेयर ट्रेडिंग के नाम पर एक ठेकेदार से 20 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने ज्यादा मुनाफे का लालच देकर पीड़ित को अपने जाल में फंसाया और बड़ी रकम हड़प ली। पीड़ित की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर साइबर ठगों ने दिया वारदात को अंजाम।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाजार चौक सरोना निवासी ठेकेदार देवेंद्र कुमार ने डीडी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 17 दिसंबर को फेसबुक के माध्यम से उनकी पहचान अदिति परमार नाम की एक महिला से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने खुद को शेयर ट्रेडिंग से जुड़ा बताया और कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया।

आरोपी महिला ने देवेंद्र कुमार को व्हाट्सएप के जरिए एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करने पर एक शेयर ट्रेडिंग से जुड़ा पेज खुला, जिसमें निवेश करने पर मोटा मुनाफा दिखाया जा रहा था। महिला की बातों पर भरोसा कर देवेंद्र कुमार ने दो किस्तों में 10-10 लाख रुपए, कुल 20 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
ट्रेडिंग पेज पर उन्हें कुछ समय बाद मुनाफा दिखने भी लगा, जिससे उनका भरोसा और बढ़ गया। लेकिन जब उन्होंने मुनाफे की राशि निकालने का प्रयास किया तो उनसे और अधिक पैसे निवेश करने की मांग की गई। इसी दौरान उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने संबंधित नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

खुद को ठगा हुआ महसूस करने के बाद देवेंद्र कुमार ने तत्काल डीडी नगर थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से ठगों की पहचान और ट्रांजैक्शन डिटेल खंगाली जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या अनजान लिंक के जरिए मिलने वाले निवेश प्रस्तावों से सावधान रहें और बिना जांच-पड़ताल के किसी भी तरह का ऑनलाइन निवेश न करें।




