बिलासपुर में स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट का खुलासा, मैनेजर समेत 6 गिरफ्तार
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। तोरवा थाना क्षेत्र स्थित क्लाउड स्पा सेंटर में दबिश देकर पुलिस ने मैनेजर समेत 6 युवतियों को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई सभी लड़कियां दूसरे जिलों से आई थीं, जिन्हें महिला मैनेजर ने मसाज के काम का झांसा देकर बुलाया और बाद में देह व्यापार में धकेल दिया।
सिटी कोतवाली सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि दयालबंद स्थित होटल इंटरसिटी के सामने गली में संचालित स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों की सूचना मिली थी। मुखबिर की सूचना पर बुधवार को पुलिस ने छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को आपत्तिजनक सामान भी मिला, जिसे जब्त कर लिया गया।
युवतियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि स्पा मैनेजर गोल्डी ने उन्हें काम का लालच दिया और बाद में ज्यादा पैसे के बहाने गलत धंधे में धकेल दिया। पुलिस अब मैनेजर और अन्य आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि बिलासपुर में स्पा सेंटरों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अक्सर ऐसे प्रतिष्ठानों की आड़ में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सके।



