स्काउट गाइड संघ कार्यकारिणी व परिषद की बैठक सम्पन्न
पिथौरा। गुरुवार को स्काउट गाइड संघ कार्यकारिणी एवं परिषद पिथौरा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी कार्ययोजना और कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रशिक्षण केंद्र भवन निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। यह भवन बुनियादी शाला गेट के बाजू दक्षिण दिशा में बनाया जाएगा। इसके लिए स्थान प्रदाय हेतु बुनियादी शाला प्रबंधन समिति से प्रस्ताव संघ को सौंपने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर अंजलि विद्यालय में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन होगा। इसके अलावा पिथौरा से साइकिल हाईक का भी आयोजन किया जाएगा। 9 अक्टूबर को भिथिडीह, मोहदा अथवा ठाकुरदिया फार्म हाउस में से किसी एक स्थान पर विशेष कार्यक्रम किया जाएगा। वहीं, द्वितीय और तृतीय सोपान जांच शिविर दीपावली पश्चात आयोजित किया जाएगा, जिसका स्थल घोंच, सलडीह, बरनईदादर या बम्हनी में से किसी एक स्थान पर तय किया जाएगा।
इस मौके पर संघ के अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष स्वप्निल तिवारी, उपाध्यक्ष देवकुमारी चौधरी, संजय गोयल, संतोष साहू, राजीव तिवारी, दिलीप निषाद, कमलेश दीवान, अजय नायक सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।



