पिथौरा: कसहीबाहरा में स्कूली बच्चों ने निकाली स्वच्छता संदेश रैली
पिथौरा। स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत शासकीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक शाला कसहीबाहरा के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम कसहीबाहरा में स्वच्छता संदेश के लिए प्रभात फेरी निकाली गई। इस रैली के माध्यम से स्वच्छता के महत्व को जन समुदाय तक पहुंचाया गया।
इस दौरान स्कूली बच्चों ने समाज को स्वच्छता का संदेश देते हुए नारे लगाए — “एक कदम स्वच्छता की ओर”, “स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत”। रैली के उपरांत ग्राम कसहीबाहरा के ह्रदयस्थल पर निर्मित राधा कृष्ण मंदिर के पास सभा का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए मिडिल स्कूल के संस्था प्रमुख हेमंत खुटे ने कहा कि “स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज का निर्माण करता है, इसलिए स्वच्छता को अपनी आदत में शामिल करें।”
प्रधान पाठक हितेश पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वच्छता का अर्थ केवल घर-द्वार की सफाई तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन, स्वास्थ्य और समाज से जुड़ा हुआ अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है।
इस मौके पर तबस्सुम शेख, दिलीप पटेल, संतोष साहू, घनश्याम ठाकुर सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।




