बसना(जीतयादव)। बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उन्हें परीक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से मित्र मंडल सेवा संस्थान द्वारा मिशन प्राथमिक शाला जगदीशपुर में विद्यार्थियों को परीक्षा तख्ती और पेन का वितरण किया गया। इस पहल से विद्यालय के छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मित्र मंडल सेवा संस्थान ने परीक्षा सामग्री के साथ स्वच्छता और ईमानदारी का दिया संदेश, छात्रों में दिखा उत्साह।
मित्र मंडल सेवा संस्थान के संस्थापक अक्षय बारिक ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को ईमानदारी और मेहनत के साथ परीक्षा देने की प्रेरणा दी तथा नकल से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सच्ची मेहनत ही सफलता की कुंजी है और यही जीवन में आगे बढ़ने का सही मार्ग है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को केवल परीक्षा सामग्री ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया। संस्थान की ओर से विद्यार्थियों को वाशिंग पाउडर और हैंडवॉश भी वितरित किया गया, ताकि वे स्वच्छता के महत्व को समझें और अपने दैनिक जीवन में अपनाएं।
विद्यालय की प्रधानपाठिका भावना रीतू नंद ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के समग्र विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने संस्थान का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे सहयोग की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर पालक समिति के अध्यक्ष पीटर नाग, शिक्षक प्रीतम कंवर एवं कमलेश प्रधान, कु. अनीमिता नाग, संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती बबीता बारीक, सचिव प्रीति बाला, कोषाध्यक्ष कु. मुस्कान सोना, सदस्य निशांत नाग, प्रीतेश सोना सहित अनेक पालक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मित्र मंडल सेवा संस्थान द्वारा बच्चों को न केवल अध्ययन सामग्री मिली, बल्कि उन्हें जीवन में अनुशासन, स्वच्छता और नैतिक मूल्यों को अपनाने का महत्वपूर्ण संदेश भी मिला।



