बसना। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रतीक बने शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी, संकुल केन्द्र बसना के प्रधान पाठक श्री सरविन्द सिदार को समता साहित्य अकादमी द्वारा आयोजित गरिमामय समारोह में “प्राइड ऑफ टीचर अवार्ड 2025” से सम्मानित किया गया।

यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियों, छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास तथा समाज सेवा में उल्लेखनीय भूमिका के लिए प्रदान किया गया।
श्री सिदार ने अपने कार्यकाल में विद्यालय को केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि प्रेरणा और सामाजिक परिवर्तन का केंद्र बना दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों में सीखने की जिज्ञासा, आत्मविश्वास, अनुशासन और रचनात्मक सोच को विकसित करने हेतु अनेक नवाचारी प्रयोग किए।
उनके नेतृत्व में विद्यालय ने गुणवत्ता शिक्षा, बालिका सशक्तिकरण, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक दायित्व से जोड़ते हुए समुदाय के साथ विद्यालय का गहरा रिश्ता स्थापित किया है।
समता साहित्य अकादमी द्वारा यह सम्मान प्राप्त करना न केवल श्री सिदार के लिए, बल्कि महासमुंद जिले और बसना विकासखंड के समूचे शिक्षा परिवार के लिए गौरव का क्षण है। विद्यालय परिवार एवं स्थानीय समुदाय में इस उपलब्धि पर अपार हर्ष और गर्व का वातावरण व्याप्त है।



