देह व्यापार और अवैध शराब बिक्री के खिलाफ सर्व समाज की मौन रैली, प्रशासन को दी चेतावनी
महासमुंद 2 सितंबर: तुमगांव नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे देह व्यापार और अवैध शराब बिक्री के खिलाफ सर्व समाज ने एकजुट होकर मौन रैली निकाली। यह रैली नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू की गिरफ्तारी के बाद आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
राम मंदिर में हुई बैठक
रैली से पहले रविवार को राम मंदिर, तुमगांव में सर्व समाज की बैठक हुई। इस बैठक में साहू समाज के जिलाध्यक्ष धरमदास साहू समेत अन्य समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में इस बात पर गहरा असंतोष जताया गया कि देह व्यापार में संलिप्त महिला की शिकायत पर पुलिस ने गलत तरीके से कार्रवाई की, जबकि वास्तविक दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
तीन दशक से चल रही अवैध गतिविधियाँ
समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि तुमगांव में पिछले तीन दशक से देह व्यापार और अवैध शराब बिक्री जारी है, लेकिन पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता के कारण इन पर कभी प्रभावी रोक नहीं लगाई गई। इससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण दूषित हो रहा है और महिलाओं, बालिकाओं व बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।
राज्यपाल के नाम सौंपा गया ज्ञापन
मौन रैली के बाद सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने तुमगांव थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि इन अवैध गतिविधियों के कारण तुमगांव की छवि धूमिल हो रही है और सभ्य परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।
SDOP का आश्वासन
इस मुद्दे पर SDOP अजय शंकर त्रिपाठी ने समाज के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि जल्द ही अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें पूर्णतः बंद कराया जाएगा।
साफ चेतावनी: अब होगा बड़ा आंदोलन
सर्व समाज ने दो टूक कहा कि यदि नगर पंचायत क्षेत्र में जल्द ही देह व्यापार और शराब बिक्री नहीं रोकी गई, तो आसपास के ग्रामीणों को साथ लेकर बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।






