सल्डीह में सरपंच पति पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस
बसना(जीत यादव)। सल्डीह गांव के निवासी किरण बाघ ने सरपंच पति अनुराग प्रधान और उनके साथियों पर मारपीट, गाली-गलौज और 51 हजार रुपये जबरन वसूली का गंभीर आरोप लगाते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की। किरण बाघ ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने मामले की शिकायत एसपी सहित एससी/एसटी थाना में दर्ज करवाई थी, लेकिन 14 दिन बीत जाने के बावजूद सांकरा पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
पीड़ित के अनुसार, शिकायत दर्ज कराने के बाद से आरोपी पक्ष द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है और शिकायत वापस लेने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के प्रत्यक्षदर्शी गवाहों का गांव में बहिष्कार किया जा रहा है, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में किरण बाघ ने कहा—
“हम न्याय की उम्मीद लेकर प्रशासन के पास गए हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। हम चाहते हैं कि निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।”
पीड़ित परिवार ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।परिवार का कहना है कि यदि न्याय नहीं मिला तो वे आगे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।




