नि:शुल्क सरस्वती साइकिल योजना में देरी, 5525 छात्राओं को अब तक नहीं मिली साइकिल
महासमुंद | महासमुंद जिले की छात्राओं को सरस्वती नि:शुल्क साइकिल योजना का लाभ मिलने में देरी हो रही है। जिले की कक्षा 9वीं की 5525 छात्राओं को अभी तक साइकिल नहीं मिल पाई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस योजना के अंतर्गत साइकिल खरीदी जा चुकी है, लेकिन वितरण की प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हो सकी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में साइकिलें विकासखंडों में पहुंच जाएंगी।
छात्राओं का इंतजार बढ़ा
सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। इस योजना के तहत प्रतिवर्ष साइकिल वितरित की जाती है, ताकि छात्राएं आसानी से स्कूल पहुंच सकें। लेकिन इस वर्ष अगस्त माह बीतने के बाद भी वितरण प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है।
शिक्षा विभाग ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही जिले की सभी पात्र छात्राओं को साइकिल उपलब्ध करा दी जाएगी।



