सरायपाली : 31 दिसंबर से होगा 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ, शक्तिपीठ में स्थापित हुआ शक्ति कलश
चार दिवसीय आयोजन नई मंडी के पास
सरायपाली में गायत्री परिवार के तत्वावधान में 31 दिसंबर से 3 जनवरी 2026 तक चार दिवसीय 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन नई मंडी के सामने गायत्री शक्तिपीठ के पास होगा। यह आयोजन माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी वर्ष और गायत्री परिवार के संस्थापक आचार्य पंडित श्रीराम शर्मा की साधना शताब्दी वर्ष को समर्पित रहेगा।
सप्त सूत्रीय आंदोलन पर होगा फोकस
महायज्ञ का उद्देश्य गायत्री परिवार के परिजनों में ऊर्जा का संचार करना और गुरु देव के विचारों को सप्त सूत्रीय आंदोलन — शिक्षा, स्वास्थ्य, नारी जागरण, स्वावलंबन, पर्यावरण संरक्षण, व्यसन मुक्ति और साधना — के रूप में जन-जन तक पहुंचाना है।
शांतिकुंज हरिद्वार से शक्ति कलश पहुंचा
इसी कड़ी में शांतिकुंज हरिद्वार से शक्ति कलश को लेकर देव कन्या जागृति (सोनू देवता) रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचीं। स्टेशन पर सरायपाली गायत्री परिवार के परिजनों ने शक्ति कलश का भव्य स्वागत किया। सरिया और बरमकेला में भी परिजनों ने शक्ति कलश का दर्शन कर पूजन-अर्चन किया।
भजन-कीर्तन के बीच महिलाओं ने सिर पर उठाया कलश
सरायपाली में नई मंडी के पास से महिलाओं ने भजन-कीर्तन करते हुए शक्ति कलश को बारी-बारी से सिर पर उठाकर गायत्री शक्तिपीठ तक पहुंचाया। यहां शक्ति कलश को विधिवत स्थापित किया गया।



