बसना(जीतयादव)। संस्कार द राइजिंग स्कूल परसकोल (बसना) में दादा-दादी दिवस हर्षोल्लास और पारिवारिक भावनाओं के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
संस्कार द राइजिंग स्कूल में बच्चों ने गीत-नृत्य प्रस्तुत कर जताया सम्मान, बुजुर्गों ने साझा किए जीवन अनुभव।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की संचालिका अलिशा अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के संचालक ओमप्रकाश अग्रवाल, किरण अग्रवाल, शीला अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, मेघा अग्रवाल, विकास वाधवा एवं भावेश अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य संजय तिवारी के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ की गई तथा आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर उत्सव की शुरुआत हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने बुजुर्गों के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में दादा-दादी एवं नाना-नानी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों को अपने जीवन अनुभव साझा करने का अवसर भी दिया गया। उन्होंने बच्चों को संस्कार, अनुशासन और पारिवारिक मूल्यों का महत्व बताते हुए प्रेरणादायक बातें कहीं।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण दादा-दादियों के लिए आयोजित “म्यूजिकल पेपर” खेल रहा, जिसमें उन्होंने उत्साह के साथ भाग लिया। इस मनोरंजक गतिविधि ने पूरे माहौल को आनंदमय बना दिया।
समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




