बसना।जेनसन मेमोरियल स्कूल परिसर जगदीशपुर में फिट इंडिया अभियान के तहत सांसद खेल महोत्सव की जोनल स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 15 नवंबर को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और विशेष अतिथि के रूप में क्षेत्रीय स्तर के कई जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने गरिमामयी उपस्थिति दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल पिरदा अध्यक्ष अभिमन्यु प्रधान द्वारा की गई, वहीं संचालन व्याख्याता टी.के. दास एवं वरिष्ठ शिक्षक लोरीश गुरुजी द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर जेएमएस विद्यालय की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

सांसद खेल महोत्सव जेनसन मेमोरियल स्कूल जगदीशपुर में आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में 14-19 वर्ष एवं 19-24 वर्ष के प्रतिभागियों को शामिल किया गया, जिसमें 26 ग्राम पंचायतों के खिलाड़ियों सहित विभिन्न विद्यालयों के कुल लगभग 1500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें कबड्डी, खो-खो, व्हालीबॉल सहित 400 मी., 100 मी. दौड़, लम्बी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और भाला फेंक जैसे व्यक्तिगत खेलों का संचालन किया गया।

कबड्डी प्रतियोगिता में 14-19 बालिका वर्ग में पथरला, 19-24 पुरुष वर्ग में बामडाडीह और महिला वर्ग में ज़र्रा की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। खो-खो में बालिका वर्ग में सेंट स्टीफन स्कूल जगदीशपुर, बालक वर्ग में सेजेस हिन्दी पिरदा तथा व्हालीबॉल में सेजेस इंग्लिश मीडियम पिरदा एवं 19-24 वर्ग में पथरला ने विजयी होने का गौरव हासिल किया।

खेल महोत्सव की सफलता में अनिमेष बढ़ाई, वरुण बाघ, सीताकांत प्रधान, अगस्ति बढ़ाई, उत्कल प्रधान, मनसा नायक सहित सभी पीटीआई, समन्वयक संघ एवं जेनसन मेमोरियल स्कूल स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। भोजन व्यवस्था ग्राम पंचायत जगदीशपुर द्वारा कराई गई तथा सहयोग आदिम जाति कल्याण विभाग अंतर्गत छात्रावास स्टाफ द्वारा प्रदान किया गया। इस सफल खेल आयोजन ने ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देकर न केवल खेल कौशल को बढ़ावा दिया, बल्कि युवाओं में फिटनेस, प्रतिस्पर्धा और टीम भावना का भी संचार किया।



