महासमुंद(जीतयादव)। पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को आसान और प्रभावी बनाने के लिए महासमुंद पुलिस ने नई पहल शुरू की है। कांकेर पुलिस के “शिकायत हेल्प डेस्क” अभियान की तर्ज पर जिले में “संवाद” व्हाट्सएप हेल्प डेस्क लागू किया गया है। इसके माध्यम से अब नागरिक अपनी शिकायत या किसी भी अवैध गतिविधि से जुड़ी गुप्त सूचना सीधे पुलिस को भेज सकेंगे।
व्हाट्सएप के जरिए अब सीधे पुलिस को भेज सकेंगे शिकायत और गुप्त सूचना पुलिस की नई पहल “संवाद”।
महासमुंद पुलिस द्वारा इसके लिए व्हाट्सएप नंबर 9479229939 जारी किया गया है। कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर Hi, Hello, नमस्ते या हेल्प लिखकर मैसेज भेजकर चैट की शुरुआत कर सकता है। इसके बाद ऑटोमेटिक सिस्टम में दो विकल्प मिलेंगे— शिकायत दर्ज करें या अवैध गतिविधियों की गुप्त सूचना दें।
पुलिस के अनुसार यह सिस्टम AI आधारित ऑटोमेटिक रिस्पॉन्स चैटबॉट पर काम करेगा। शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की फोटो, पीडीएफ या टेक्स्ट के रूप में व्हाट्सएप पर भेज सकता है। शिकायत दर्ज होने के बाद उसे एक शिकायत क्रमांक भी दिया जाएगा, जिससे वह अपनी शिकायत की स्थिति व्हाट्सएप के माध्यम से जान सकेगा।
गुप्त सूचना देने वाले लोग अवैध शराब, जुआ, गांजा तस्करी, नशे की दवाओं के कारोबार या अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी भेज सकते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और सूचना सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंचेगी।
AI चैटबॉट शिकायतों को स्वतः 10 अलग-अलग श्रेणियों में वर्गीकृत कर संबंधित थाने को भेजेगा, जिससे कार्रवाई में तेजी आएगी। साथ ही पूरे सिस्टम की डैशबोर्ड पर रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से पुलिस और जनता के बीच संवाद और भी आसान तथा प्रभावी होगा और अपराधों की सूचना समय पर मिलने से कार्रवाई में तेजी आएगी।



