महासमुंद(जीतयादव)। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और पब्लिक फ्रेंडली पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा संचालित “संवाद” शिकायत हेल्प डेस्क पोर्टल प्रभावी साबित हो रहा है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से मिल रही गुप्त सूचनाओं और शिकायतों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
“संवाद” हेल्प डेस्क से गुप्त सूचनाओं पर पुलिस की सख्ती, शराब, सट्टा व अवैध कारोबार पर शिकंजा।
पुलिस के अनुसार “संवाद” पोर्टल पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर अब तक 31 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें 20 प्रकरण आबकारी एक्ट के तहत दर्ज कर करीब 657 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, साथ ही 3 ढाबों पर भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा 5 मामलों में जुआ और सट्टा, 1 मामले में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी तथा 2 मामलों में अवैध डीजल संग्रहण पर कार्रवाई करते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत धाराएं जोड़ी गई हैं।

पुलिस ने आगे बताया कि 2 मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, वहीं 29 असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। यह सभी कार्रवाई “संवाद” हेल्प डेस्क पर मिली सूचनाओं के आधार पर की गई है।

महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे व्हाट्सएप नंबर 9479229939 को अपने मोबाइल में सेव करें और अपने आसपास हो रही किसी भी अवैधानिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी साझा करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस पहल के माध्यम से आम नागरिकों को अपराध नियंत्रण में सहभागी बनने का अवसर मिल रहा है, जिससे जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।



