बसना(जीतयादव)। सलकपानी गांव में 25-26 फरवरी की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने, नगदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिवार के सदस्य बटुक संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने बसना गए हुए थे।
सलकपानी में देर रात लाखों की चोरी, बटुक कार्यक्रम में गए थे परिजन।
सलकपानी निवासी कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि उनके नाती फणीश्वर दास का बटुक नयन संस्कार कार्यक्रम 25 से 28 फरवरी तक हरि लक्ष्मी विप्र भवन, हाई स्कूल रोड बसना में आयोजित है। परिवार के सभी सदस्य कार्यक्रम में शामिल थे, जबकि घर सूना न रहे, इसलिए वे स्वयं रात करीब 10 बजे सलकपानी स्थित अपने घर आकर एक कमरे में सो गए।

बताया गया कि देर रात अज्ञात चोर घर में घुस आए। एक कमरे में सो रहे कृष्ण कुमार मिश्रा के होने का आभास होने पर चोरों ने बाहर से दरवाजे की कुंडी को कपड़े से कसकर बांध दिया, जिससे वे बाहर न निकल सकें। इसके बाद चोरों ने अन्य कमरों में रखी अलमारी और दराज खंगाल डाली।
सुबह करीब 3 से 4 बजे जब कृष्ण कुमार मिश्रा की नींद खुली तो उन्होंने पाया कि दरवाजा बाहर से बंद है। पड़ोसियों की मदद से बाहर निकलने पर देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है। चोर दो लैपटॉप, सोने के गहने, चांदी की 8-10 जोड़ी पायल और कमरे में रखी लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये से अधिक की नकदी लेकर फरार हो चुके थे।
पीड़ित ने आशंका जताई कि चोरों को यह जानकारी थी कि परिवार बटुक संस्कार कार्यक्रम में व्यस्त रहेगा। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और बसना थाना की टीम सलकपानी गांव पहुंचकर जांच में जुट गई है।




