महासमुंद। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवरी में बुधवार को “समाज में पुलिस की भूमिका” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कोमाखान थाना प्रभारी नीतेश सिंह शामिल हुए।
विद्यालय के प्राचार्य डोमन सिंह टंडन ने कहा कि पुलिस जवान विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हैं, जिससे आम नागरिक सुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और जिम्मेदारी का संदेश दिया।
मुख्य वक्ता थाना प्रभारी नीतेश सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में अपराध तभी कम हो सकते हैं जब नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझें। उन्होंने कहा — “नशे की लत व्यक्ति के जीवन को बर्बाद कर देती है, इसलिए इससे दूर रहना ही बेहतर है।” उन्होंने बताया कि पुलिस अपराध रोकथाम के लिए निरंतर प्रयासरत रहती है और किसी भी घटना की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करती है।
थाना प्रभारी ने कहा कि अपराध कहीं भी हो सकता है, लेकिन सामाजिक जागरूकता और सामूहिक सहयोग से अपराधों पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने “समाज में पुलिस की भूमिका” विषय पर पक्ष और विपक्ष में अपने विचार रखे।
इस मौके पर जनपद सदस्य राहुल चंद्राकर, सरपंच अहिल्या देवी, शांता साहू, नीरज बंजारे, नीलकंठ नागेश, केयूर भूषण धृतलहरे, भूमिका साहू, ट्विंकल महिलांग, योगेश्वरी साहू, पूजा साहू, धनेश्वरी सेन सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम 21 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक आयोजित पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा है, जिसका समापन सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्मदिवस पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस पर किया जाएगा।




