सरायपाली(जीतयादव)।शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला चिवराकुटा में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कम उम्र से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूकता पैदा करना और उन्हें सुरक्षित जीवन के लिए प्रेरित करना रहा।
“सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” की जानकारी सोमनाथ भोई व उनकी टीम ने विद्यार्थियों को दिया।
इस अवसर पर सोमनाथ भोई एवं उनकी टीम द्वारा विद्यार्थियों को “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” थीम पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने सरल और प्रभावशाली तरीके से बच्चों को बताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करना कितना खतरनाक हो सकता है तथा इससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात संकेतों को समझने व मानने की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया गया।

सोमनाथ भोई ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही न केवल स्वयं के लिए बल्कि दूसरों के जीवन के लिए भी खतरा बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं सड़क नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में संकुल समन्वयक के.सी. पटेल, प्रधान पाठक भोजकुमारी निर्मलकर सहित शाला के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। शिक्षकों ने भी बच्चों को सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाते हुए कहा कि नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है और सुरक्षित जीवन सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। यह आयोजन बच्चों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करने वाला साबित हुआ।




