बसना(जीत यादव)। पिथौरा ब्लॉक के परधिया सरायपाली पंचायत के आश्रित ग्राम दलालखार के ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि वे लगातार समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।

ग्रामवासियों ने बताया कि बम्हनी से दलालखार तक की सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। गांव की गलियां भी अब चलने योग्य नहीं रह गई हैं। बरसात में स्थिति और भी खराब हो जाती है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पात्र लोगों तक सही तरीके से नहीं पहुँच रहा है। वहीं, बिजली के बढ़ते बिलों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। कई परिवार बिलों का भुगतान करने में असमर्थ हैं। इसके अलावा, राशन कार्ड से जुड़े नए नियमों ने लोगों में भय पैदा कर दिया है। ग्रामीणों को डर है कि कहीं उनका राशन कार्ड निरस्त न कर दिया जाए, जिससे उन्हें मिलने वाला अनाज बंद हो जाए।

ग्रामीणों की व्यथा सुनने के लिए जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान स्वयं दलालखार ग्राम पहुंचे। उन्होंने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि ग्रामीणों की बातें पूरी तरह जायज़ हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन सभी मुद्दों को वे उच्च अधिकारियों और शासन-प्रशासन तक पहुंचाएँगे, ताकि जल्द से जल्द समाधान निकल सके।
इस अवसर पर ग्रामीणों में प्रमुख रूप से सिदार सिंह जगत, कुंज राम जगत, बद्रीका बरिहा, ललित यादव, रतन लाल जगत, कुंजमन बरिहा, धनी लाल नेताम, अमेरिका साहू, ईश्वरमणि साहू, चिंतेश जगत, दिनेश जगत, देव कुमार बरिहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि वे ग्रामीणों की हर समस्या को लेकर सदैव संवेदनशील हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दलालखार ग्राम की सड़क और मूलभूत सुविधाओं की मरम्मत तत्काल की जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।




