बसना(जीतयादव)। नेशनल हाईवे-53 पर दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। हादसा सिंघनपुर के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
एनएच-53 पर सिंघनपुर के पास सड़क हादसा, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने किया प्रदर्शन।
मृतक की पहचान कमलेश कलेत (19) निवासी बानीपाली और उनकी मां राधिका बाई (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कमलेश अपनी मां को लेकर बसना जा रहा था। दोनों छुइपाली के एक शोरूम में बाइक की किस्त जमा करने जा रहे थे, तभी रास्ते में कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गई और एक पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार चालक भी घायल हो गया।

हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। रात करीब 8:30 बजे दोनों शवों को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर बसना के शहीद वीर नारायण चौक में जमकर प्रदर्शन किया गया। करीब 20 मिनट तक नारेबाजी और हंगामा चलता रहा। बाद में पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शन शांत कराया गया।
![]()
परिजनों के मुताबिक, कमलेश के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उनकी मां ने ही मेहनत कर बेटे का पालन-पोषण किया था। हाल ही में राधिका बाई ने अपने बेटे के लिए नई बाइक खरीदी थी। उसी बाइक से दोनों किस्त जमा करने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।




