सरायपाली(जीतयादव)। संकुल केंद्र परधिया सरायपाली में संकुल स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना तथा विद्यालय स्तर पर आ रही समस्याओं का समाधान निकालना रहा।
बैठक में प्रमुख रूप से छात्रवृत्ति ऑनलाइन प्रक्रिया, जाति प्रमाण पत्र निर्माण, मध्यान्ह भोजन योजना के संचालन एवं गुणवत्ता, वीएसके एप के माध्यम से शिक्षकों की उपस्थिति, तथा अपार आईडी जनरेशन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संकुल प्राचार्य श्री कुंजबिहारी प्रधान ने सभी विद्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए कि बच्चों के हित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
समीक्षा बैठक में शिक्षा योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तार से चर्चा।
इस अवसर पर संकुल समन्वयक श्री शिशुपाल प्रधान ने कहा कि छात्रवृत्ति और अपार आईडी जैसी योजनाएं विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी हैं, इसलिए समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करना अनिवार्य है। उन्होंने सभी शिक्षकों से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहने और नियमित अपडेट करने का आग्रह किया।

बैठक में प्रभारी प्रधान पाठक श्री धनेश्वर प्रधान, तेजराम प्रधान, प्रधान पाठक श्रीमती युगेश्वरी जगत, हरिशंकर भोई, अनिमेष बढ़ाई, प्रीति मरावी, प्रेमानिधि साहू, वासुदेव पटेल, आनंद कुमार साव एवं लक्ष्मी प्रसाद सहित संकुल के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।

सभी शिक्षकों ने अपने-अपने विद्यालयों की समस्याएं साझा कीं, जिस पर संकुल प्राचार्य द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। विशेष रूप से मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा गया कि बच्चों को पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।अंत में संकुल प्राचार्य द्वारा सभी उपस्थित शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि इस प्रकार की समीक्षा बैठकें शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।




