बसना(जीतयादव)। नगर पंचायत बसना कार्यालय में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर हर्षोल्लास के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल के साथ ध्वजारोहण कर सभी नगरवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. श्री संपत अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
गणतंत्र दिवस पर संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्र निर्माण का लिया गया संकल्प।
ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया और तिरंगे को सलामी दी गई। इस अवसर पर नगर पंचायत के सभी पार्षदगण, भाजपा कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और लोगों ने भारत माता के जयकारों के साथ गणतंत्र दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए नगर के विकास में सहयोग करें।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संविधान है, जिसने देश को एक मजबूत दिशा दी है। उन्होंने कहा कि हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने देश की प्रगति, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। नगर पंचायत बसना में आयोजित यह समारोह देशभक्ति और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बना।




