महासमुंद(जीतयादव)।मिनी स्टेडियम, महासमुंद में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद माननीया श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने की, जबकि विशेष अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय कुमार लहरे मौजूद रहे।
77वें गणतंत्र दिवस पर अधिकारियों-कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और शहीदों के परिजनों का किया गया सम्मान।
मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी गई और जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। राष्ट्रगान के साथ पूरा मिनी स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंग गया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों, प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं, शहीदों के परिजनों एवं मीसाबंदियों को सम्मानित किया गया, जो जिले के लिए गौरव का क्षण रहा।

बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। वहीं विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियों के माध्यम से शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे वातावरण राष्ट्रभक्ति और विकास की ऊर्जा से भर गया।

मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रगौरव, सेवा-भाव और कर्तव्यनिष्ठा को अपनाते हुए देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने संविधान के आदर्शों पर चलने और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह का समापन “जय हिंद” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ हुआ।




