रायपुर। विजयादशमी के अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में दशहरा उत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। राजधानी रायपुर के WRS कॉलोनी मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल रामेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रावण दहन के बाद भव्य आतिशबाजी ने उत्सव का आनंद और बढ़ा दिया।
दशहरा उत्सव में 98 स्थानों पर रावण दहन किया गया।
दुर्ग जिले में इस वर्ष कुल 98 स्थानों पर रावण दहन हुआ, जिनमें से 21 बड़े कार्यक्रम शामिल थे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने 600 जवानों की तैनाती की। वहीं, भिलाई में भगवान राम रथ पर सवार होकर पंडाल में पहुंचे, जिसके बाद रावण दहन का आयोजन हुआ।
रायगढ़ : 57 फीट का रावण दहन
रायगढ़ के नटवर हाई स्कूल मैदान में जिले का सबसे बड़ा 57 फीट ऊंचा रावण जलाया गया। कार्यक्रम को देखने के लिए हजारों लोग उपस्थित हुए।
बिलासपुर : 10 से अधिक स्थानों पर आयोजन
बिलासपुर में दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। पुलिस ग्राउंड, रेलवे मैदान, नूतन चौक और साइंस कॉलेज सहित 10 से अधिक स्थानों पर 60 से 100 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया।
राजनांदगांव : असीस कौर का लाइव परफॉर्मेंस
राजनांदगांव में दशहरा उत्सव का आकर्षण बॉलीवुड की मशहूर सिंगर असीस कौर का लाइव परफॉर्मेंस रहा। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी शामिल हुए।
बारिश से प्रभावित हुए कई जिले
जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, कोंडागांव और अंबिकापुर सहित कई जिलों में लगातार बारिश के कारण दशहरा उत्सव प्रभावित हुआ। हालांकि बारिश रुकने के बाद रावण दहन किया गया और लोगों ने उल्लास के साथ विजयादशमी का पर्व मनाया।






