भीथीडीह में वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती पर हुआ भव्य आयोजन, विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने किया प्रतिमा का अनावरण
पिथौरा। पिथौरा ब्लॉक के ग्राम भीथीडीह में शनिवार को महान वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर रानी दुर्गावती की नवनिर्मित प्रतिमा का भव्य अनावरण भी किया गया।
यह ऐतिहासिक आयोजन आदिवासी महासंघ कौड़ीया, सर्व आदिवासी समाज और अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक संघ के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर रानी दुर्गावती की प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
“रानी दुर्गावती नारी शक्ति और स्वाभिमान की प्रतीक थीं” — विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल
विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा —
“रानी दुर्गावती केवल एक शासक नहीं थीं, बल्कि वे शौर्य, साहस और स्वाभिमान की सजीव प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने अपने गोंडवाना राज्य को मुगल शासकों के आगे झुकने नहीं दिया और वीरतापूर्वक युद्ध लड़ा। उनका बलिदान हमें सिखाता है कि मातृभूमि और धर्म की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति देना भी कर्तव्य है।”
उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती का गौरवशाली इतिहास आदिवासी समाज के लिए एक अमूल्य धरोहर है। स्थापित की गई यह प्रतिमा केवल पत्थर की मूर्ति नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
जनप्रतिनिधि व समाज प्रमुखों की उपस्थिति
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद, जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सिन्हा, गौड़ समाज जिला अध्यक्ष मनराखन ठाकुर, ओमप्रकाश चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
उद्देश्य – वीरांगना की गाथा को जन-जन तक पहुँचाना
आयोजकों ने कहा कि इस प्रतिमा स्थापना का उद्देश्य रानी दुर्गावती के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को जन-जन तक पहुँचाना है, ताकि समाज की नई पीढ़ी अपने इतिहास और वीर परंपरा से प्रेरणा ले सके।
स्थान: ग्राम भीथीडीह, ब्लॉक पिथौरा, जिला महासमुंद
अवसर: रानी दुर्गावती जयंती एवं प्रतिमा अनावरण समारोह
मुख्य अतिथि: विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल



