छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत चिरको में रैली आयोजित
महासमुंद। छत्तीसगढ़ स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे रजत महोत्सव के अंतर्गत शासकीय नवीन महाविद्यालय चिरको में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य ह्यूमा लिली दीवान ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही गीत के माध्यम से विकास के संदेश को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसी कड़ी में उन्होंने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली में प्रतिभागियों ने “शिक्षा, स्वास्थ्य और किसान”, “छत्तीसगढ़ की पहचान–संस्कार, संस्कृति और विज्ञान” जैसे नारे लगाते हुए बाजार चौक तक पैदल मार्च किया। रैली का उद्देश्य स्थापना से लेकर स्वर्णिम 25 वर्षों तक की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना और विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्य को लेकर लोगों को जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर रासेयो कार्यक्रम अधिकारी मनहरण ठाकुर, वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक एम.एस. वर्मा, सहायक प्राध्यापक तरुण कुमार ध्रुव, ऋषि वर्मा, अतिथि व्याख्याता राखी यदु, दीक्षा गजेन्द्र, सुनीता साकेत, महेश प्रधान, सविता पटेल सहित रासेयो स्वयंसेवक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



