रायपुर एयरपोर्ट का नेविगेशन सिस्टम फेल, दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो फ्लाइट भोपाल डायवर्ट
रायपुर । बुधवार रात दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E5138 को अचानक भोपाल डायवर्ट करना पड़ा। रायपुर एयरपोर्ट का नेविगेशन सिस्टम लाइटनिंग (बिजली गिरने) की वजह से फेल हो गया था। विमान में कुल 170 यात्री सवार थे, जिनमें दुर्ग से सांसद विजय बघेल और वरिष्ठ IAS अधिकारी सोनमणी बोरा भी शामिल थे।
फ्लाइट की भोपाल में सुरक्षित लैंडिंग
फ्लाइट ने दिल्ली से शाम 7:20 बजे टेकऑफ किया था और रायपुर में रात 8:55 बजे लैंड होना था। लेकिन कैप्टन संजय चौधरी ने यात्रियों को सूचित किया कि खराब मौसम और नेविगेशन सिस्टम बंद होने के कारण विमान को भोपाल में उतारा जाएगा। रात 9:15 बजे फ्लाइट भोपाल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड हुई। विमान में कैप्टन समेत 6 क्रू मेंबर थे।
यात्रियों को असुविधा, फ्लाइट कैंसिल
भोपाल एयरपोर्ट पर यात्रियों को रोककर विमान की रिफ्यूलिंग कराई गई। वहीं, रायपुर से दिल्ली जाने वाली रिटर्न फ्लाइट कैंसिल कर दी गई, जिससे रायपुर एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों की ऑफिस और जरूरी कार्यक्रमों की योजनाएं प्रभावित हो गईं।
रायपुर एयरपोर्ट प्रबंधन का बयान
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि लाइटनिंग से नेविगेशन सिस्टम खराब हो गया था, जिसके चलते फ्लाइट डायवर्ट करनी पड़ी। कुल 5 फ्लाइट्स डायवर्ट हुई हैं। सिस्टम को दुरुस्त करने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि विजिबिलिटी क्लियर होने के बाद गुरुवार को फ्लाइट रायपुर पहुंचेगी।
यात्रियों ने जताई नाराजगी
यात्रियों ने अचानक डायवर्ट और फ्लाइट कैंसिलेशन को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि तकनीकी खामी और प्रबंधन की कमी से सीधे यात्रियों की सुरक्षा और समय पर असर पड़ा है।



