रायपुर AIIMS से फरार हत्या का आरोपी ट्रेन से गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर AIIMS से फरार हत्या का आरोपी ट्रेन से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को इलाज के लिए सेंट्रल जेल से एम्स अस्पताल लाया गया था, जहां से वह फरार हो गया था।
कैसे हुआ फरार
जानकारी के मुताबिक, करण पोर्ते नाम का आरोपी 2021 में एक महिला को जिंदा जलाकर हत्या करने के मामले में जेल में बंद है। मामले की सुनवाई फिलहाल जारी है। 6 सितंबर को शाम 4:45 बजे उसे इलाज के लिए एम्स रायपुर लाया गया था। इस दौरान पानी लेने के बहाने उसने हथकड़ी खिसका ली और फरार हो गया।
सीसीटीवी में आया सुराग
फरारी के बाद पुलिस ने आसपास के थानों को अलर्ट कर खोजबीन शुरू की। इस बीच आरोपी सीसीटीवी कैमरे में गोंदिया जाने वाली ट्रेन में चढ़ते हुए नजर आया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दुर्ग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
आरोपी करण पोर्ते पर आरोप है कि उसने साल 2021 में प्रेम प्रसंग के चलते एक महिला को जिंदा जला दिया था। उसी मामले में वह विचाराधीन कैदी के रूप में जेल में बंद था।



