पिथौरा। अंजलि विहार कॉलोनी में सोमवार की शरद पूर्णिमा की रात्रि धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव के रंग में सराबोर रही। यहां पारंपरिक रास गरबा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों प्रतिभागियों ने अपनी नृत्यकला का मनमोहक प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य स्वप्निल तिवारी ने कहा कि अंजलि विहार कॉलोनी में आयोजित यह रास गरबा प्रतियोगिता पूरे क्षेत्र का गौरव बन चुकी है। यहां पारदर्शिता और पारिवारिक माहौल में आयोजन किया जाता है, जिसके कारण रायपुर, ओडिशा और आसपास के जिलों से भी प्रतिभागी हिस्सा लेने आते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं बल्कि धार्मिक परंपराओं को भी नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।
नवरात्र पर्व पर विगत 7 वर्षों से यह रास गरबा प्रतियोगिता निरंतर आयोजित की जा रही है। इस वर्ष भी इसका समापन समारोह शरद पूर्णिमा की रात्रि को किया गया। रात्रि 9 बजे से प्रारंभ होकर 2 बजे तक चले इस कार्यक्रम में ग्रामीण अंचल और नगर से भारी संख्या में दर्शक व प्रतिभागी उपस्थित रहे।
आयोजक समिति द्वारा प्रतिभागियों के लिए कुल 5 लाख 73 हजार रुपए की पुरस्कार राशि रखी गई थी। निर्णायक मंडल द्वारा चयनित विजेताओं को अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया गया।
प्रथम स्थान : राधे गोविंदा रास गरबा ग्रुप, मुढ़ीपार — ₹1,01,000
द्वितीय स्थान : कंचन राजपूत, नयापारा खुर्द — ₹41,000
तृतीय स्थान : सी श्रेणी प्रतिभागी — ₹31,000
कार्यक्रम में युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष विजय नायक, सुमित अग्रवाल, गुरु चरण सिंह सलूजा, उदयराम नायक, प्यारेलाल मिश्रा, राजेंद्र पुरोहित, विजय प्रधान, राजेश चौधरी, राजेंद्र सिन्हा, यू.के. दास, गौतम साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक उपस्थित थे।
रातभर चले इस गरबा आयोजन ने पिथौरा क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई दी और लोगों को भक्ति, आनंद और एकता के अद्भुत माहौल में जोड़ा।



