बिरकोनी।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिरकोनी में आज पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ ग्राम पंचायत के सरपंच श्री चंदन कुमार चंद्राकर द्वारा बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सेक्टर प्रभारी श्री लक्ष्मेन्द्र सिन्हा (आरएमए) की विशेष उपस्थिति रही। उनके साथ मित्रानीन देवकी साहू, इंदु यादव, अनुसूया यादव सहित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। पल्स पोलियो अभियान के तहत शून्य से पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।

स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई गई
इस दौरान सेक्टर पर्यवेक्षक श्री किशोर पटेल (आरएचओ) तथा राजेंद्र सिदार (आरएचओ) एवं कमल दास द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध इनवर्टर एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की तैयारियों की समीक्षा की तथा अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों को बताया कि पोलियो एक लाइलाज बीमारी है, लेकिन समय-समय पर पोलियो की दवा पिलाने से इसे पूरी तरह रोका जा सकता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और प्रत्येक पोलियो अभियान में अपने बच्चों को दवा अवश्य पिलाएं।
पल्स पोलियो अभियान के सफल आयोजन के लिए ग्रामवासियों ने भी सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग ने विश्वास जताया कि जनसहभागिता के माध्यम से क्षेत्र को पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य पूरी तरह से प्राप्त किया जा सकेगा।



