महासमुंद(जीतयादव)। जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन रविवार, 21 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। इस दौरान जिलेभर के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि इस वर्ष जिले में 1262 पोलियो बूथों के माध्यम से 1,15,495 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के दूसरे चरण में 22 एवं 23 दिसंबर को पहले दिन छूटे बच्चों को घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी।
अभियान की तैयारियों को लेकर 09 दिसंबर को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
पल्स पोलियो अभियान में 1262 बूथों पर 0 से 5 वर्ष के 1.15 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग को राज्य से 1,47,000 डोज ओरल पोलियो वैक्सीन प्राप्त हो चुकी है, जिन्हें जिले के 20 कोल्ड चेन प्वाइंट्स में सुरक्षित रखा गया है। इस वर्ष पल्स पोलियो अभियान केवल एक चरण में संपन्न किया जाएगा।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और अभियान को सफल बनाएं।




