बसना(जीतयादव)।पं. सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय, बिलासपुर द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 की अंतिम परीक्षा समय-सारिणी जारी कर दी गई है। इसी क्रम में जयदेव सतपथी कॉलेज, बसना को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के परीक्षार्थियों की परीक्षाएं कड़ी निगरानी एवं अनुशासन के साथ संचालित की जा रही हैं।
पं. सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षाएं सीसीटीवी निगरानी के साथ परीक्षा केंद्र में अनुशासन एवं सुरक्षा सुनिश्चित किया गया
परीक्षा केंद्र में सभी परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी में आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा का आयोजन 30 दिसंबर 2025 से 07 जनवरी 2026 तक कार्यालयीन दिवसों में दो पालियों में किया जा रहा है। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक एवं द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।

इन परीक्षाओं में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए के आधार पाठ्यक्रमों के साथ-साथ बीकॉम एवं बीबीए ऑनर्स के एईसी (AEC) विषयों की परीक्षाएं संपन्न हो रही हैं। परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है।
परीक्षा समन्वयक श्री संतोष सोनी ने परीक्षार्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय से कम से कम आधा घंटा पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचकर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें, जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा सके।

परीक्षार्थियों में परीक्षा को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। परीक्षार्थियों ने बताया कि पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय, बिलासपुर द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रम हम सभी विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। पाठ्यक्रमों का सिलेबस व्यावहारिक एवं सुव्यवस्थित है, जिससे कम समय में तैयारी कर बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा रहे हैं।

समन्वयक श्री संतोष सोनी ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र ही प्रारंभ होने वाली है। उन्होंने इच्छुक छात्रों से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।




