बसना(जीतयादव)। क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनता और किसान परेशान हैं। ग्रामीण इलाकों में बार-बार बिजली गुल होने से खेती, पढ़ाई और रोजमर्रा का कामकाज प्रभावित हो रहा है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस के सक्रिय नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए जल्द सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार बिजली कटौती होने पर कांग्रेस नेता ने बिजली विभाग को दी चेतावनी।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि बसना क्षेत्र के आमापाली, कुरचुंडी और केरामुंडा सहित कई गांवों में बिजली की स्थिति काफी खराब है। पंप फीडर के नाम पर पहले से ही करीब छह घंटे बिजली कटौती की जा रही है, लेकिन इसके अलावा भी बिना किसी सूचना के बार-बार बिजली बंद हो जाती है। इससे किसानों को खेतों की सिंचाई करने में भारी परेशानी हो रही है और फसलें प्रभावित होने लगी हैं।

उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को मजबूत करने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बिजली की अनियमित आपूर्ति किसानों की मेहनत पर पानी फेर रही है। लगातार कटौती के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई, छोटे व्यापारियों का कामकाज और आम लोगों का जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने बिजली विभाग से मांग की कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को नियमित और सुचारू बनाया जाए तथा अनावश्यक कटौती पर तुरंत रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर राहत दी जानी चाहिए, ताकि किसानों और आम जनता को परेशानी से निजात मिल सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से भी अपील की कि लोगों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जल्द ठोस कदम उठाए जाएं।




