बसना(जीतयादव)। अंतरराज्यीय सीमा पर संदिग्ध परिवहन की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकदी और एक कार जब्त की है। वाहन की तलाशी लेने पर पिछली सीट पर रखी सफेद प्लास्टिक बोरी में बड़ी मात्रा में नकदी मिली। गवाहों की मौजूदगी में की गई गिनती में 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों के कुल 32,50,000 रुपये बरामद हुए।
पिछले 5 दिनों में जिले में 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार 480 रुपये नकदी जब्त, BNSS की धारा 106 के तहत कार्रवाई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पदमपुर (ओडिशा) से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक संदिग्ध सफेद रंग की टोयोटा हाईराईडर कार (CG 04 QU 6591) को पलसापाली नाका पर घेराबंदी कर रोका गया। कार में सवार दो व्यक्तियों ने अपनी पहचान आशु बंसल (निवासी मुरैना, वर्तमान रायपुर) और चालक महेंद्र चौहान (निवासी सारसडोल, मलाजखंड बालाघाट) के रूप में बताई।
आरोपियों से नकदी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे संतोषजनक दस्तावेज नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने धारा 106 BNSS के तहत कार्रवाई करते हुए नकदी और कार को जब्त कर लिया।
जप्त संपत्ति
नकद भारतीय मुद्रा – 32,50,000 रुपये
टोयोटा हाईराईडर कार (CG 04 QU 6591) कीमत लगभग 17.50 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले 5 दिनों में कुल 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार 480 रुपये नकद जब्त किए जा चुके हैं।



