महासमुंद(जीतयादव)।जिले में अवैध शराब निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान 20 दिसंबर 2025 से 30 दिसंबर 2025 तक जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में संचालित किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त, पेट्रोलिंग एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
महासमुंद पुलिस द्वारा महुआ लाहन नष्ट, शराब बनाने के उपकरण भी किए गए जब्त।
अभियान के दौरान पुलिस ने जिलेभर में कुल 35 प्रकरणों में 40 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 842 लीटर 920 एमएल महुआ, देशी प्लेन एवं अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 92 हजार 380 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही भारी मात्रा में महुआ लाहन नष्ट किया गया तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन एवं अन्य सामग्री भी जब्त की गई।

पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में थाना महासमुंद, खल्लारी, बागबाहरा, बसना, कोमाखान, पिथौरा, सिंघोडा, पटेवा, सरायपाली, सांकरा, तुमगांव एवं तेन्दूकोना थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए। अलग-अलग स्थानों से आरोपियों के कब्जे से महुआ शराब, देशी प्लेन एवं अंग्रेजी शराब बरामद की गई। थाना बलौद क्षेत्र में इस दौरान कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ।

सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए गए हैं। स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब निर्माण, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। जिले में इस तरह के अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान निरंतर जारी रहेगा।




