रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में हुए चार हत्याओं के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। ठुसेकेला के राजीव नगर में पड़ोसी लकेश्वर पटेल और उसके नाबालिग बेटे ने मिलकर अपने पड़ोसी बुधराम उरांव (40), उनकी पत्नी सोहद्रा उरांव (36) और दोनों बच्चों अरविंद (13) व शिवांगी (6) की हत्या कर दी। हत्या के बाद चारों शवों को घसीटकर बाड़ी में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
खरसिया थाना क्षेत्र में हुए चार हत्याओं के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लकेश्वर पटेल को अपनी पत्नी से अफेयर के शक के चलते यह कदम उठाने की बात सामने आई है। साथ ही आरोपी और मृतक परिवार के बीच पहले से भी विवाद और रंजिश चल रही थी। आरोपी का बेटा पहले भी चोरी में पकड़ा गया था, जिससे दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी और गहरी हो गई थी।
वारदात की रात
9 सितंबर की रात बुधराम उरांव शराब पीकर घर लौटा और परिवार सो गया। इसी दौरान आरोपी बाप-बेटे कुल्हाड़ी लेकर पीछे के रास्ते से घर में घुसे। सबसे पहले उन्होंने सो रही सोहद्रा पर हमला कर दिया। बच्चे जाग गए और चिल्लाने लगे तो दोनों को भी मौत के घाट उतार दिया। आखिर में नशे में सो रहे बुधराम की भी कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।
शव दफनाने की साजिश
हत्या के बाद शवों को घर के पास दफनाने की कोशिश की गई, लेकिन मिट्टी कठोर होने से आरोपी सफल नहीं हो सके। इसके बाद शवों को घसीटकर बाड़ी ले जाया गया और वहां गोबर खाद रखने की जगह के पास गड्ढा खोदकर दफनाया गया।
खुला राज
11 सितंबर की सुबह घर से बदबू आने पर ग्रामीणों ने कोटवार को खबर दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर में खून से लथपथ दीवारें और फर्श मिले। बाड़ी में खुदाई के निशान देखकर जब पुलिस ने खुदाई करवाई तो चारों शव बरामद हुए।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड और गांवभर में तलाशी अभियान चलाया। पूछताछ के दौरान आरोपी लकेश्वर पटेल और उसके नाबालिग बेटे पर शक गहराया। जब कड़ाई से पूछताछ हुई तो दोनों ने हत्या की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने लकेश्वर पटेल को गिरफ्तार कर लिया है और उसके नाबालिग बेटे को भी हिरासत में लिया गया है।







