सरायपाली(जीतयादव)। पीएमश्री स्कूल सिंघोड़ा में जिला नोडल डीएमसी रेखराज शर्मा, एपीसी सम्पा बोस एवं बीआरसी देवानंद नायक द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों, व्यवस्थाओं एवं बच्चों की प्रगति का गहन अवलोकन किया गया।
पीएमश्री स्कूल सिंघोड़ा में योग शिक्षण, अपार आईडी और छात्रवृत्ति व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश।
निरीक्षण के समय अधिकारियों ने बच्चों की उपस्थिति, कक्षा में शिक्षण व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, योग शिक्षण, अपार आईडी, स्कूल परिसर की साफ-सफाई, कक्षा पांचवीं की बोर्ड परीक्षा की तैयारी, जाति प्रमाण पत्र एवं छात्रवृत्ति संबंधी दस्तावेजों की जांच की। साथ ही इन सभी बिंदुओं को और अधिक सुव्यवस्थित करने के लिए संबंधित शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

पीएमश्री स्कूल सिंघोड़ा में अधिकारियों ने कक्षा में बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई का स्तर जाना। बच्चों के शैक्षणिक स्तर, अनुशासन और आत्मविश्वास को देखकर अधिकारी काफी संतुष्ट नजर आए। उन्होंने कहा कि स्कूल में पढ़ाई का माहौल सकारात्मक है और शिक्षक पूरी जिम्मेदारी के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि स्कूल में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शौचालयों की नियमित सफाई, पीने के पानी की व्यवस्था तथा परिसर की स्वच्छता को सराहनीय बताया गया। अधिकारियों ने योग शिक्षण को बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए इसे निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।

अंत में डीएमसी रेखराज शर्मा ने पीएमश्री स्कूल सिंघोड़ा विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को सामाजिक सहभागिता बढ़ाने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास पर लगातार कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का विकास भी उतना ही जरूरी है।
इस निरीक्षण से स्कूल स्टाफ में उत्साह का माहौल देखा गया और शिक्षकों ने अधिकारियों के सुझावों को अमल में लाकर स्कूल को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया।




