सरायपाली(जीतयादव)।पीएम श्री प्राथमिक शाला सिंघोड़ा में वार्षिकोत्सव का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों और अभिभावकों की उपस्थिति से जीवंत नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ की गई। इसके पश्चात बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति नृत्य, छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, संबलपुरी, राउत नाचा, सुवा, डालखाई, बस्तरिया और हिंदी गीतों पर बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बच्चों ने मोहा मन, जनप्रतिनिधियों ने किया उत्साहवर्धन।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमती चातुरी नंद, विधायक सरायपाली रहीं। अध्यक्षता श्रीमती मोंगरा किशन पटेल, अध्यक्ष जिला पंचायत महासमुंद ने की। वहीं विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती लक्ष्मी हरिश्चंद्र पटेल, अध्यक्ष जनपद पंचायत सरायपाली उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती रश्मि तन्मय पंडा (सरपंच ग्राम पंचायत सिंघोड़ा), श्रीमती यशोदा वेदप्रकाश नायक (जनपद सदस्य), श्री टी.सी. पटेल (विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली), श्री डी.एन. नायक (विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक), श्री पी.के. ग्वाल (नोडल प्राचार्य), श्री सच्चिदानंद भोई (संकुल समन्वयक), श्री अनंतराम बिसी (एसएमडीसी अध्यक्ष), श्री झनक राम भोई (एसएमसी अध्यक्ष) एवं श्रीमती पूर्णिमा नाग (प्रधान पाठक) सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। पालकों ने भी विद्यालय परिवार के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, संस्कार और परंपरा के प्रति लगाव बढ़ाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा, जिससे वार्षिकोत्सव विद्यालय के लिए एक यादगार अवसर बन गया।




