रायपुर। नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद उद्योग एवं व्यापार परिसर के कन्वेंशन सेंटर में रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 125वीं कड़ी का प्रसारण हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने कैबिनेट सहयोगियों और विधायकों के साथ कार्यक्रम को सुना।
मुख्यमंत्री बोले – ‘मन की बात’ से मिलती है नई ऊर्जा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि यह प्रदेशवासियों और देशवासियों को नई ऊर्जा और प्रेरणा देने वाला कार्यक्रम है। इससे समाज में सकारात्मक सोच का संचार होता है और राष्ट्रीय चेतना को प्रबलता मिलती है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश हर नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। यदि हर नागरिक अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाए तो विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है। सरकार और जनता के साझा प्रयासों से राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।
विदेश यात्रा पर बोले मुख्यमंत्री
जापान और दक्षिण कोरिया की हालिया यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस यात्रा से छत्तीसगढ़ में कौशल विकास और रोजगार का नया अध्याय शुरू होगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य क्षेत्रों में हुए सहयोग और निवेश से राज्य के युवाओं के लिए बड़े अवसर सृजित होंगे।
कैबिनेट मंत्री और विधायक रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग मंत्री लखन देवांगन, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक इंद्र कुमार साहू और राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल भी मौजूद रहे।
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भी हुआ प्रसारण
इसी कड़ी में राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ का सामूहिक प्रसारण सुना गया। इस मौके पर भाजपा राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, यशवंत जैन और डॉ. नवीन मार्कण्डेय उपस्थित रहे।



