बसना(जीत यादव)।प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत जिले के पिथौरा विकासखंड के ग्राम पंचायत सानटेमरी में सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। सांसद रूपकुमारी चौधरी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली। कार्यक्रम के दौरान 44 नई सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इन सड़कों की कुल लंबाई 96.495 किलोमीटर होगी और इसके निर्माण पर लगभग 77 करोड़ 47 लाख 99 हजार रुपये की लागत आएगी। इस योजना से क्षेत्र के कई गांवों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया शुभारंभ, 96 किमी सड़क निर्माण से क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति।
इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों की शुरुआत की और क्षेत्रवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनने वाली इन सड़कों से ग्रामीण इलाकों में आवागमन की सुविधा मजबूत होगी। किसानों को अपने कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य आवश्यक सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच भी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, जनपद अध्यक्ष ऊषा धृतलहरे, मंडल अध्यक्ष पिरदा अभिमन्यु प्रधान, महिला मोर्चा अध्यक्ष विमला बेहरा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा महामंत्री हेतराम राठौर, भाजपा मंडल पिरदा के जिला कार्यकारिणी सदस्य परशुराम गड़तिया, भाजयुमो पिरदा के महामंत्री संदीप साहू, पिरदा मंडल के महामंत्री सुभाष बंजारा, पुरुषोत्तम धृतलहरे, सुमीत अग्रवाल, हलधर साहू, रमेश अग्रवाल, कैलाश चंद्र अग्रवाल तथा ग्राम पंचायत सानटेमरी के सरपंच देवेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



