रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र में अवैध पेट्रोल डीजल कारोबार करने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रिंग रोड नंबर-3 स्थित पिरदा चौक और टेकारी चौक के दो अलग-अलग यार्डों पर छापेमारी कर करीब 44 लाख का ईंधन जब्त किया गया।यह कार्रवाई आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना की टीम ने की। पुलिस ने मौके से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दोनों मामलों के मास्टरमाइंड सूरज शाह और उमेश साव फरार हो गए।
पेट्रोल डीजल चोरी में बड़ा खुलासा, फरार आरोपियों की तलाश जारी।
पहला मामला पिरदा चौक का है। यहां सूरज शाह के यार्ड पर दबिश देकर पुलिस ने एक टैंकर और 9 ड्रम बरामद किए। इनमें से 1200 लीटर डीजल और 40 लीटर पेट्रोल (कुल कीमत 1.40 लाख रुपए) जब्त किया गया। मौके से आरोपी अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोड़ और रोहित बघेल गिरफ्तार किए गए।
टेकारी चौक : 42.90 लाख का जखीरा मिला
दूसरा मामला टेकारी चौक का है। यहां उमेश साव के यार्ड से तीन टैंकर और 8 ड्रम बरामद किए गए।
एक टैंकर से 15,000 लीटर पेट्रोल और 5,000 लीटर डीजल (19.20 लाख रुपए)
दूसरे टैंकर से 25,000 लीटर डीजल (22.50 लाख रुपए)
तीसरा टैंकर खाली मिला।
इसके अलावा 1000 लीटर डीजल और 300 लीटर पेट्रोल ड्रमों से जब्त किया गया।
कुल मिलाकर इस कार्रवाई में 42.90 लाख का अवैध पेट्रोल डीजल जब्त हुआ। मौके से शैलेन्द्र कुमार साव, शेख कलीम उद्दीन, राज पटेल, नीरज नेताम और रवि यादव को गिरफ्तार किया गया।
एफएसएल जांच के लिए भेजे गए नमूने
पुलिस ने पेट्रोल डीजल के नमूने लेकर एफएसएल जांच के लिए भेज दिए हैं। वहीं पाइप और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। अधिकारियों ने बताया कि बिना लाइसेंस और दस्तावेज के बड़े पैमाने पर ईंधन का संग्रह और बिक्री गंभीर अपराध है। दोनों यार्ड मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश जारी है।



