सागुनढाप सहकारी समिति में धान खरीदी घोटाला! जांच नहीं होने से किसानों में आक्रोश, 30 अक्टूबर को चक्काजाम की चेतावनी
पिथौरा। सागुनढाप सहकारी समिति में वर्ष 2024-25 के दौरान धान खरीदी में हुए कथित घोटाले को लेकर किसानों में जबरदस्त नाराजगी है। शिकायत के बावजूद अब तक जांच शुरू नहीं होने पर किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर 29 अक्टूबर तक जांच पूरी कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो 30 अक्टूबर को नेशनल हाइवे-53 पर लोहरिनडोंगरी चौक, सांकरा में चक्काजाम किया जाएगा।
शिकायतकर्ता किसान तुलाराम भोई ने बताया कि समिति में आयोजित किसानों की बैठक में कर्मचारियों ने बताया कि प्राधिकृत अधिकारी मथामणी बढाई और धान खरीदी प्रभारी हरीलाल साव ने मिलकर करीब 1,514 क्विंटल 40 किलो धान का घोटाला किया है। आरोप है कि फर्जी किसानों के नाम से धान खरीदी कर राशि को अन्य किसानों के माध्यम से मथामणी बढाई के बैंक खाते में आरटीजीएस कराया गया।
किसानों ने 25 सितंबर को जिला प्रशासन से दोनों अधिकारियों को पद से हटाने और गबन की गई राशि की वसूली की मांग की थी। इसके बाद सहकारी संस्थाएं महासमुंद ने 6 अक्टूबर को आदेश जारी कर मथामणी बढाई को पद से हटाने का निर्देश दिया।
किसानों का कहना है कि अधिकारी जानबूझकर दोषियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं और अब तक जांच शुरू न होना उनकी मिलीभगत को दर्शाता है। इससे किसानों में भारी रोष है।
वहीं, इस मामले में मथामणी बढाई ने किसानों के लगाए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। वहीं समिति के प्रभारी हरीलाल साव से संपर्क नहीं हो सका।
किसानों ने साफ कहा है कि यदि 29 अक्टूबर तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे 30 अक्टूबर को सड़क पर उतरकर चक्काजाम आंदोलन करेंगे।



