पिथौरा(जीतयादव)।धान उपार्जन केंद्र जगदीशपुर में करीब आठ लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति जगदीशपुर के समिति प्रभारी कुशाग्र प्रधान के खिलाफ बसना थाना में 23 जनवरी को एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार एसडीएम पिथौरा श्री बजरंग वर्मा द्वारा 21 जनवरी 2026 को धान उपार्जन केंद्र का भौतिक सत्यापन किया गया था। सत्यापन के दौरान ऑनलाइन स्टॉक रिपोर्ट और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर पाया गया।
भौतिक सत्यापन में 650 पैकेट धान कम पाए गए, एसडीएम जांच के बाद बसना थाना में मामला दर्ज किया गया।
ऑनलाइन रिपोर्ट के मुताबिक समिति में अब तक 58,556.40 क्विंटल की खरीदी की गई थी, जिसमें से 44,430 क्विंटल का उठाव हो चुका है। शेष 14,126.40 क्विंटल स्टॉक में होना दर्शाया गया था।
समिति प्रभारी द्वारा बताया गया कि केंद्र में 22 स्टैक पर कुल 35,316 पैकेट मौजूद हैं, लेकिन भौतिक जांच में केवल 34,666 पैकेट ही पाए गए। इस प्रकार 650 पैकेट कम मिले।

कम पाए गए धान की मात्रा लगभग 260 क्विंटल आंकी गई है, जिसकी कीमत समर्थन मूल्य के अनुसार 6,15,940 रुपये तथा कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत 1,90,060 रुपये है। कुल मिलाकर लगभग 8,06,000 रुपये की राशि का गबन सामने आया है।
प्रशासन ने 2025-26 नीति का उल्लंघन मानते हुए संस्था और शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने का मामला बताया है। बसना थाना में समिति प्रभारी कुशाग्र प्रधान के खिलाफ धारा 316(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है।




