बसना(जीत यादव)।कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर धान खरीदी केंद्रों और राइस मिलों में लगातार भौतिक सत्यापन एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित शाखा पिरदा अंतर्गत प्राथमिक कृषि सहकारी समिति जगदीशपुर (पंजीयन क्रमांक 880) का अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पिथौरा के नेतृत्व में भौतिक सत्यापन किया गया।
धान खरीदी केंद्र में भौतिक सत्यापन में स्टॉक से कम मिला,प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल।
भौतिक सत्यापन के दौरान रिकॉर्ड के अनुसार केंद्र में कुल 35,316 कट्टा धान होना दर्शाया गया था, जबकि मौके पर गिनती करने पर केवल 34,766 कट्टा धान ही पाया गया। इस तरह केंद्र में 650 कट्टा धान की कमी सामने आई है। एसडीएम पिथौरा ने बताया कि धान में कमी का प्रतिवेदन तैयार कर जिला कलेक्टर को भेजा जा रहा है तथा कलेक्टर के निर्देशानुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, इतना बड़ा मामला सामने आने के बावजूद धान खरीदी केंद्र प्रभारी के खिलाफ अब तक न तो एफआईआर दर्ज हुई है और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी तहसीलदार पिथौरा द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में लगभग 1000 कट्टा धान की कमी पाई गई थी। उस समय खरीदी केंद्र प्रभारी कुशाग्र प्रधान ने यह तर्क दिया था कि धान की बोरियां इधर-उधर फैली होने के कारण सही गिनती नहीं हो पाई। प्रभारी द्वारा अधिकारियों की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए थे।
धान खरीदी केंद्र जगदीशपुर में भौतिक सत्यापन में एक बार फिर 650 कट्टा धान की कमी प्रमाणित होने से मामला गंभीर हो गया है। इसके बावजूद खरीदी प्रभारी खुलेआम घूम रहा है और प्रशासन की ओर से अब तक कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होने से आमजन में नाराजगी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब कमी स्पष्ट रूप से सामने आ चुकी है, तो फिर कार्रवाई में देरी क्यों की जा रही है।




