बसना(जीतयादव)।छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की अव्यवस्थित व्यवस्था को लेकर किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस के सक्रिय नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि खरीदी की समय-सीमा नहीं बढ़ाई गई, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के समर्थन में चक्का जाम जैसे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगी।
धान खरीदी व्यवस्था की बदहाली से आक्रोशित किसान, कांग्रेस ने सरकार को आंदोलन की चेतावनी दी।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि वर्तमान खरीदी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। टोकन न कटने, सीमित मात्रा में धान खरीदी और निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के कारण हजारों किसान परेशान हैं। किसान महीनों तक मेहनत कर खेतों में फसल तैयार करता है, लेकिन जब उपज बेचने का समय आता है, तब उसे सरकारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि कई किसान खरीदी केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक संकट के साथ-साथ मानसिक तनाव भी झेलना पड़ रहा है। मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि किसान केवल फसल ही नहीं उगाता, बल्कि पूरे प्रदेश का पेट भरता है, ऐसे अन्नदाता के साथ हो रहा अन्याय किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने शासन से मांग की कि तुरंत खरीदी की सीमा बढ़ाई जाए, खरीदी की समय-सीमा में विस्तार किया जाए और हर किसान का एक-एक दाना खरीदा जाए। यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में किसानों के साथ मिलकर सड़कों पर उतरेगी।
अंत में उन्होंने कहा कि यदि आंदोलन की स्थिति बनी, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।




