महासमुंद(जीतयादव)। जिले में धान खरीदी कार्य को पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह लगातार खरीदी केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने धान खरीदी केंद्र किशनपुर (पिथौरा) एवं सिंघनपुर (बसना) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्रों पर शेष धान की मात्रा, दैनिक खरीदी लक्ष्य, धान उठाव की स्थिति और लंबित पंजीकृत किसानों की जानकारी विस्तार से ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अब धान खरीदी के लिए केवल 5 दिन शेष रह गए हैं, ऐसे में जिले का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मिशन मोड में काम करने के निर्देश
कलेक्टर श्री लंगेह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष दिनों में मिशन मोड में कार्य करते हुए जिन किसानों की अब तक खरीदी नहीं हो पाई है, उन्हें व्यक्तिगत रूप से सूचना देकर निश्चित तिथि एवं समय स्लॉट प्रदान किया जाए। इसके लिए जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त श्रमिक एवं हमालों की अस्थायी व्यवस्था भी की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी खरीदी केंद्रों पर जिला स्तरीय एवं सहकारी समिति के अधिकारी सतत निगरानी रखें और नियमित रूप से भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें।
गुणवत्ता शिकायतों का मौके पर समाधान
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता से संबंधित किसी भी प्रकार की आपत्ति का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया जाए और किसानों को अनावश्यक रूप से प्रतीक्षा न कराई जाए।ऑनलाइन एंट्री उसी दिन पूर्ण की जाए, किसी भी स्थिति में उसे लंबित न रखा जाए।खरीदी समाप्ति के साथ ही समापन रिपोर्ट, भौतिक सत्यापन एवं अभिलेख मिलान तुरंत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अवैध वसूली पर होगी सख्त कार्रवाई
कलेक्टर श्री लंगेह ने सख्त शब्दों में कहा कि यदि किसी भी स्तर पर कमीशन, अवैध वसूली या अनधिकृत रोक-टोक की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर आश्वस्त किया कि अंतिम दिनों में यदि किसी किसान को कोई समस्या आती है, तो उसकी तत्काल सुनवाई और समाधान किया जाएगा।
जिले में अब तक 8 लाख मीट्रिक टन से अधिक की खरीदी
उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीदी कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले में 21 जनवरी 2026 की स्थिति में कुल 182 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से अब तक 8 लाख 9 हजार 295 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।
वहीं अब तक 5 लाख 18 हजार 507 मीट्रिक टन का डी.ओ. जारी किया गया है, जिसके विरुद्ध 2 लाख 97 हजार 466 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है।अब तक कुल 1 लाख 28 हजार 68 किसानों द्वारा धान का विक्रय किया जा चुका है, जो जिले में पंजीकृत किसानों की संख्या का लगभग 80 प्रतिशत है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा किया गया यह औचक निरीक्षण जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को अंतिम चरण में तेज, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।



