महासमुंद। ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली महासमुंद पुलिस ने “PowerX” नामक ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में गिरोह के सरगना सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक महासमुंद और पांच रायपुर निवासी हैं, जबकि अन्य संदिग्ध भी जांच के घेरे में हैं।
ऑनलाइन सट्टा घोड़ारी से ऑपरेट हो रहा था नेटवर्क, महासमुंद-रायपुर के आरोपी हैं शामिल।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि घोड़ारी (महासमुंद) स्थित बाबा फैमिली ढाबा में दीपेश गोस्वामी ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की तो मोबाइल में PhonePe के जरिए लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन और सट्टा से जुड़े चैट मिले। पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर “Power X” व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालन करना स्वीकार किया।

जांच में सामने आया कि आरोपी वर्चुअल नंबर का उपयोग कर व्हाट्सएप ग्रुप बनाते थे और लिंक शेयर कर लोगों को सट्टा खिलाते थे। भुगतान के लिए PhonePe जैसे ऑनलाइन एप का उपयोग किया जाता था। इस नेटवर्क में एडमिन पैनल, मास्टर पैनल, अकाउंट डिस्ट्रीब्यूटर और खिलाड़ी सभी सक्रिय थे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीपेश गोस्वामी (वार्ड नं. 26, क्लबपारा, महासमुंद), मनीष शर्मा (अश्विनी नगर, रायपुर), हितेश उर्फ मोनू साहू (न्यू शांति नगर, रायपुर/स्थाई पता महासमुंद), हितेश उर्फ पिंकू साहू (लोधीपारा, रायपुर), नवनीत देवांगन (अश्विनी नगर, रायपुर) और उज्जवल देवांगन (अमलेश्वर, जिला दुर्ग) को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के पास से iPhone, Vivo और Oppo सहित 6 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.40 लाख रुपये है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




