बसना: अग्रसेन जयंती पर भव्य मशाल जुलूस और बाइक रैली, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल हुए शामिल
बसना। अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर नगर में समरसता, सद्भावना और सेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य मशाल जुलूस और बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अग्रवाल समाज सहित बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भाग लिया और महाराजा अग्रसेन के आदर्शों का स्मरण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य मशाल जुलूस से हुई। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने स्वयं मशाल थामकर नगर के मुख्य मार्गों पर पैदल भ्रमण किया। इस दौरान अग्रवाल समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में युवा उनके साथ रहे। जुलूस के माध्यम से अग्रसेन जी की लोककल्याणकारी भावना और उनके सिद्धांतों का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया।
मशाल जुलूस के उपरांत विधायक डॉ. अग्रवाल अग्रसेन भवन पहुंचे और महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और हमें सामाजिक एकता, भाईचारा और सेवा भाव से जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं।
इस मौके पर अग्रवाल समाज अध्यक्ष रामचंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष द्वय राजेंद्र अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, सावर अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, डॉ. नन्द किशोर अग्रवाल, जय नारायण अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, महिला मंडल अध्यक्ष डॉ. भारती अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
शहर में युवाओं ने ‘महाराजा अग्रसेन अमर रहें’ के नारों के साथ बाइक रैली भी निकाली। सैकड़ों की संख्या में बाइक सवार युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। रैली का उद्देश्य महाराजा अग्रसेन के त्याग, सेवा और लोककल्याणकारी संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाना था।



