सांकरा(जीतयादव)।भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) NH-53 द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का आयोजन दिनांक 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी नियमों की जानकारी देना रहा।
NHAI के राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा कार्यक्रम में हेलमेट, सीट बेल्ट और नो मोबाइल ड्राइविंग का दिया गया संदेश।
इसी क्रम में संत अन्ना विद्यालय, सांकरा (जोंक) में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में NHAI के प्रतिनिधियों ने छात्रों को बताया कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट जरूर लगाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और शराब पीकर कभी भी वाहन न चलाएं।

कार्यक्रम के दौरान “सड़क सुरक्षा – जीवन सुरक्षा” का संदेश देते हुए यह बताया गया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर हम अपनी और दूसरों की जान बचा सकते हैं। छात्रों को यातायात संकेतों, सड़क चिन्हों और सुरक्षित पैदल चलने के तरीकों की भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर संत अन्ना विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर लिसी थॉमस की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही विद्यालय के शिक्षकगण टेकेधर साहू, साकेत पाणिग्रही, भरतलाल पटेल, सुनील पटेल, प्रीतम कर, अनिश कुमार, नमिता प्रधान, प्रदीप कुमार एवं जूलियस दीप भी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षकों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि छात्र अभी से यातायात नियमों को अपनाएं, तो भविष्य में दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया और समाज में जागरूकता फैलाने की बात कही। यह आयोजन छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक साबित हुआ।


NHAI के राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा कार्यक्रम में हेलमेट, सीट बेल्ट और नो मोबाइल ड्राइविंग का दिया गया संदेश।
