महासमुंद(जीतयादव)। जिला युवा कांग्रेस महासमुंद द्वारा बसना विधानसभा अंतर्गत विभिन्न ब्लॉकों में नव पदाधिकारियों की घोषणा के बाद कांग्रेस संगठन में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इन नियुक्तियों पर जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
युवा कांग्रेस की नव नियुक्त युवा पदाधिकारियों को मिली संगठन की अहम जिम्मेदारी।
मोक्ष कुमार प्रधान ने अपने संदेश में कहा कि युवा कांग्रेस हमेशा से लोकतंत्र, संविधान और जनहित से जुड़े मुद्दों की लड़ाई में अग्रिम भूमिका निभाती रही है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होती है। नव नियुक्त पदाधिकारियों पर संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने की बड़ी जिम्मेदारी है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनियुक्त युवा साथी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ, नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। साथ ही जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाकर संगठन की आवाज को और बुलंद करेंगे।

मोक्ष कुमार प्रधान ने यह भी कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी, जिससे आगामी समय में युवा कांग्रेस और अधिक मजबूती के साथ जनसेवा के कार्यों में जुटेगी। उन्होंने जिला युवा कांग्रेस महासमुंद के जिलाध्यक्ष सहित समस्त नेतृत्व को सफल संगठनात्मक नियुक्तियों के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं एवं युवा साथियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनता के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।




